जम्मू-कश्मीर की शिल्प और कला को व्यापक मान्यता मिलने के साथ ही श्रीनगर, शिल्प और लोक कला श्रेणी के अंतर्गत यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क 2021 में शामिल हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने एक ट्वीट में खूबसूरत श्रीनगर को शिल्प और लोक कला के लिए यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह मान्यता श्रीनगर के जीवंत सांस्कृतिक लोक परम्परा के उपयुक्त है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के कारीगरों और बुनकरों के लिए यह मान्यता विशिष्ट है। उन्होंने श्रीनगर के मेयर जुनैद मट्टू और श्रीनगर नगर निगम आयुक्त अतहर आमिर खान समेत जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम को बधाई दी।
मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर को हमेशा विशेष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इस साल जून में कश्मीर INTACH की मदद से श्रीनगर नगर-निगम ने श्रीनगर की समृद्ध कला और शिल्प विरासत का ब्यौरा प्रस्तुत किया था।
