राष्ट्र आज आधुनिक भारत को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी 146वीं जयंती पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर रहा है। यह दिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने आज राष्ट्रीय राजधानी में पटेल चौक पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्माजंलि अर्पित की। अनेक केन्द्रीय मंत्रियों ने भी लौहपुरूष को श्रद्धाजंलि दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले रविवार को मन की बात कार्यक्रम में सरदार पटेल को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की थी।
31 अक्तूबर को सरदार पटेल जी की जन्म जयंती है। मैं लौह पुरूष को नमन करता हूं। साथियों, 31 अक्तूबर को हम राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। हम सभी का दायित्व है कि हम एकता का संदेश देने वाली किसी न किसी गतिविधि से जरूर जुड़ें। आपने देखा होगा हाल ही में गुजरात पुलिस ने कच्छ के लखपत किले से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक बाईक रैली निकाली है। त्रिपुरा पुलिस के जवान तो एकता दिवस मनाने के लिए त्रिपुरा से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक बाईक रैली कर रहे हैं। यानी पूरब से चलकर पश्चिम तक देश को जोड़ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान भी उड़ी से पठानकोट तक ऐसी ही बाईक रैली निकालकर देश की एकता का संदेश दे रहे हैं। मैं इन सभी जवानों को सैल्यूट करता हूं।
गृह मंत्री अमित शाह आज गुजरात के केवडिया में स्टैचू ऑफ यूनिटी पर राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।