विजयदशमी आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनायी जा रही है। विजयदशमी भगवान राम की रावण पर विजय और बुराई पर अच्छाई के प्रतीक के रूप में मनायी जाती है। यह नवरात्र और दुर्गा पूजा अनुष्ठान की समाप्ति का भी प्रतीक है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम.वैंकेया नायडू ने लोगों को दशहरे पर बधाई दी है। राष्ट्रपति कोविंद ने अपने संदेश में कहा कि विजयदशमी बुराई पर अच्छाई विजय का प्रतीक है। उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि दशहरा आसुरी शक्तियों के अंत और सद्भाव को बढ़ावा देने का अवसर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में लिखा – आप सबको विजयदशमी के पावन अवसर पर अनंत शुभकामनायें।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विजयदशमी के पावन अवसर पर लोगों को बधाई दी है। एक संदेश में, उपराज्यपाल ने कहा कि विजयदशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
केरल में विद्यारंभम परंपरा के अंतर्गत हजारों बच्चे आज से ज्ञान जगत में प्रवेश कर रहे हैं। दुनिया भर में केरलवासी विजयदशमी को विद्यारंभम दिवस के रूप में मनाते हैं जो ज्ञानार्जन की शुरूआत के लिये शुभ दिन माना जाता है। कोविड दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए विद्यारंभम आज सुबह से राज्य के घरों, मंदिरों और सांस्कृतिक केंद्रों में चल रहा है। राज्य में विभिन्न मंदिरों में कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनेक पावन अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।