विदेश मंत्री एस. जयशंकर मध्य एशिया के अपने दौरे के अंतिम चरण में आज आर्मीनिया पहुंचे। विदेश मंत्री ने येरेवान में सितसेर नाका बेरद काम्प्लेक्स जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वहां के विदेश मंत्री ऐरारत मिर्जायान के साथ बैठक की जो काफी सार्थक रही। डॉक्टर जयशंकर ने बैठक में दिवपक्षीय सहयोग को बढाने के मुद्दे पर चर्चा की। इन नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढावा देने के मुद्दे पर भी सहमति जताई। दोनों नेताओं ने अंतर्राष्ट्रीय उत्तर दक्षिण परिवहन गलियारा सहित संपर्क मजबूत करने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि भारत, यूरोपीय सुरक्षा और सहयोग संगठन की मिन्सक प्रक्रिया का समर्थन करता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और बहुपक्षीय मंचों को सहयोग का आश्वासन दिया।
विदेश मंत्री ने आर्मीनिया की नेशनल एसेम्बली के अध्यक्ष से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों की संसदीय लोकतंत्रों के सहयोग के महत्व पर बल दिया।