राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 63 करोड़ 67 हजार से अधिक कोविडरोधी टीके लगाये जा चुके हैं। कल 65 लाख से अधिक लोगों को टीके लगाये गये। इस बीच गृह मंत्रालय ने कहा है कि कोविड संबंधी उपाय अगले महीने के आखिर तक लागू रहेंगे। राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को भेजे पत्र में गृहसचिव अजय भल्ला ने कोविड के नियंत्रण और प्रबंधन संबंधी आवश्यक उपाय के लिए जिला और स्थानीय अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करने को कहा है।
भारत में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 45,083 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 460 लोगों की मृत्यु हुई और 35,840 लोग डिस्चार्ज हुए।
बिहार में तीन करोड 52 लाख 52 हजार लोगों को कोविड रोधी टीके लगाये जा चुके हैं। इनमें से दो करोड 93 लाख 83 हजार लोगों को पहली डोज और 58 लाख 69 हजार को दूसरी डोज दी जा चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा है कि शिक्षकों सहित 50 लाख से अधिक और लोगों का टीकाकरण पांच सितम्बर तक हो जायेगा। इस बीच, अब तक सात लाख 15 हजार से अधिक लोग कोविड संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में स्वस्थ होने की दर 98 प्रतिशत से अधिक है। संक्रमण की दर एक प्रतिशत से नीचे बनी हुई है।
