विदेश मंत्री डॉक्टर एस0 जयशंकर आज विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। यह बैठक नई दिल्ली के संसद भवन में हुई।
हमारे संवाददाता ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि डॉक्टर जयशंकर इस बारे में जानकारी दी कि अफगानिस्तान से कितने भारतीय लौट आए हैं, कितने लोगों को सुरक्षित निकाला जाना है तथा संकट से जूझ रहे देश को लेकर भारत की क्या रणनीति है।
बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री तथा जनता दल सेक्यूलर के नेता एच डी देवगौडा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे और अधीर रंजन चौधरी, तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय, डीएमके नेता टी आर बालू तथा बीजू जनता दल के प्रसन्ना आचार्य शामिल हुए।
केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन, मीनाक्षी लेखी तथा अर्जुन राम मेघवाल के साथ-साथ विदेश सचिव एच वी श्रृंगला तथा वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
भारत, अफगानिस्तान की स्थिति के बारे में विश्व के प्रमुख देशों के संपर्क में है। भारत ने 16 अगस्त से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया था और विभिन्न अफगान सिखों और हिंदुओं सहित आठ सौ लोगों को वापस लाया जा चुका है।