राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन के अनुसार भारत विमानपत्तन प्राधिकरण के 25 हवाई अड्डों का वर्ष 2022 से 2025 के बीच मौद्रिकरण निर्धारित किया गया है।
लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि भारत विमानपत्तन प्राधिकरण-ए.ए.आई ने सरकारी-निजी भागीदारी के अंतर्गत भुबनेश्वर, वाराणसी, अमृतसर, रायपुर, इंदौर और त्रिची को प्रचालन प्रबंधन और विकास के लिए चुना है।
उन्होंने यह भी कहा कि ए.ए.आई ने इन छह हवाई अड्डों के साथ छह छोटे हवाई अड्डों को जोड़ने की सिफारिश भी की है ताकि इनके साथ छोटे हवाई अड्डों को भी विकसित किया जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकारी-निजी भागीदारी की प्रक्रिया के अंतर्गत अभी इन हवाई अड्डों के लिए बोली आमंत्रित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों के मौद्रिकरण से सरकार को होने वाली अनुमानित आय की जानकारी बोली प्रक्रिया शुरू होने पर ही मिल सकेगी।