भारत के रक्षा सचिव गिरिधर अरमने और इटली के रक्षा महासचिव और राष्ट्रीय आयुध निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल लुसियानो पोर्टोलानो ने आज (13 मार्च, 2024) नई दिल्ली में 10वीं भारत-इटली संयुक्त रक्षा समिति (जेडीसी) की बैठक की सह-अध्यक्षता की। दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग और सैन्य सहयोग के मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और सुरक्षा स्थितियों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
इस बैठक का विशेष ध्यान दोनों देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने पर था। दोनों देशों ने अक्टूबर 2023 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की इटली यात्रा के दौरान रक्षा सहयोग संबंधी एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को गहरा करने के लिए व्यापक रूपरेखा प्रदान करने वाले इस समझौते के साथ, दोनों पक्षों ने भारत में सह-उत्पादन सहित संयुक्त परियोजनाओं के लिए दोनों देशों की रक्षा कंपनियों को एक साथ लाने के तरीकों और साधनों पर चर्चा की।
रक्षा सचिव ने दोनों पक्षों के फायदे और लचीले आपूर्ति श्रृंखला को बेहतर करने के लिए इतालवी रक्षा कंपनियों की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारतीय विक्रेताओं के एकीकरण का सुझाव दिया।
