प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) का उद्घाटन किया। अस्पताल की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा की केन्द्रीय योजना के अंतर्गत अक्टूबर 2017 में रखी थी।
एम्स बिलासपुर का निर्माण एक हजार चार सौ सत्तर करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। यह एक अत्याधुनिक अस्पताल है जिसमें 18 स्पेशयलिटी और 17 सुपर स्पेशियलिटी विभाग, 18 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 64 आईसीयू बिस्तर के साथ 750 बिस्तर हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि दो सौ 47 एकड़ में फैले इस अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन और डायलिसिस सुविधाओं सहित आधुनिक नैदानिक मशीनें जैसे -अल्ट्रासोनोग्राफी, सीटी स्कैन, एमआरआई हैं। यहां अमृत फार्मेसी, जन औषधि केंद्र और 30 बिस्तरों वाले आयुष ब्लॉक भी है।
एम्स के उद्घाटन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर मौजूद थे।