हरियाणा में खट्टर सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कल

हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर नीत सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को होगा। यह पिछले दो साल में दूसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

मंत्रिमंडल में टोहाना से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक देवेंद्र सिंह बबली और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटे से भी एक विधायक को शामिल किये जाने की संभावना जताई जा रही है। एक आधिकारिक बयान में बताया गया, ‘‘हरियाणा राजभवन में 28 दिसंबर को शाम चार बजे एक समारोह में मंत्रिमंडल विस्तार होगा।’’

भाजपा के कोटे से बनाए जाने वाले मंत्रियों में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला से विधायक ज्ञान चंद गुप्ता तथा हिसार से विधायक डॉ कमल गुप्ता के नाम सबसे आगे माने जा रहे हैं।

हरियाणा में भाजपा और जजपा गठबंधन की सरकार है और उसे 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत हासिल है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 2019 में शपथ ग्रहण के करीब दो सप्ताह बाद नवंबर महीने में मंत्रिपरिषद का विस्तार किया था और 10 नये मंत्रियों को इसमें शामिल किया था।

Related posts

Leave a Comment