भारत की जी-20 अध्यक्षता के अंतर्गत स्टार्टअप-20 एंगेजमेंट समूह आज से हरियाणा के गुरुग्राम में दो दिवसीय स्टार्टअप20 शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। शिखर सम्मेलन अंतिम नीति योजना तैयार करने और इसकी आधिकारिक रिलीज के लिए एक ऐतिहासिक कार्यक्रम के रूप में कार्य करेगा। इस विज्ञप्ति नीति के माध्यम से एक परिवर्तनकारी और समावेशी स्टार्ट-अप प्रणाली की नींव रखी जाएगी। जिसके माध्यम से आर्थिक विकास, नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग हासिल करना है।
भारत की जी20 की अध्यक्षता के अंतर्गत स्टार्टअप20 एंगेजमेंट समूह काम करता है, जिसका लक्ष्य वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को आकार देना है। हमारे संवाददाता ने बताया कि स्टार्टअप20 आर्थिक समृद्धि और सामाजिक प्रभाव के लिए स्टार्टअप की पूरी क्षमता को उजागर करने के लिए नवाचार, सहयोग और समावेशी विकास को बढ़ावा देने का प्रयास करता है।
यह सम्मेलन स्टार्टअप्स के लिए एक सक्षम वातावरण को बढ़ावा देने और नवाचार और उद्यमिता में एक वैश्विक नेता के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। बैठक के दौरान, विदेशी प्रतिनिधि, उद्योग विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं से मिल सकेंगे। इस अवसर पर वे स्टार्टअप को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए कारोबारी समझौते कर सकेंगे। बैठक के दौरान एक बड़ा स्टार्टअप सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्टार्टअप अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा, वे निवेशक से मिल सकेंगे और कारोबारी तालमेल भी कर सकेंगे।