सुरेश रैना ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है। ट्वीटर पर सुरेश रैना ने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बहुत सम्मान की बात रहा है। उन्होंने पूर्ण सहयोग के लिए बीसीसीआई और प्रशंसको का भी आभार व्यक्त किया।
सुरेश रैना ने 13 वर्ष के क्रिकेट जीवन में भारत के लिए 18 टैस्ट मैच, 226 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच और 78 टी-ट्वेंटी मैच खेले। उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में पांच हजार 615 और टी-ट्वेंटी मैचों में एक हजार 604 रन बनाए। वे 2011 में विश्व कप विजेता भारतीय टीम में भी शामिल थे। रैना आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के प्रमुख स्तंभ थे। आईपीएल में उन्होंने 205 मैच खेले और पांच हजार 528 रन बनाए।
