सीबीआई ने नंदीग्राम हत्या मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता देबब्रत मैती की हत्या का है। सीबीआई ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद 30 सितम्बर को मामला दर्ज किया था। विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद हुई हिंसा में नंदीग्राम में चिलाग्राम के भाजपा कार्यकर्ता मैती को मार दिया गया था।
सीबीआई मामले की जांच कर रही है और चुनाव बाद हुई हिंसा के सिलसिले में कई मामले दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले इस वर्ष अगस्त में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हिंसक घटनाओं की जांच अदालत की निगरानी में सीबीआई से कराने का आदेश दिया था। उच्च न्यायालय ने कम गंभीर अपराधों की जांच के लिए विशेष जांच दल बनाने का भी निर्देश दिया था।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सात सदस्यों की समिति ने पहले हिंसक घटनाओं की जांच की थी और अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
इस वर्ष दो मई को पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद विभिन्न स्थानों पर कई हिंसक घटनाएं हुई थीं।