सिक्किम, दादरा और नागर हवेली तथा हिमाचल प्रदेश में 18 वर्ष से ऊपर आयु के सभी लोगों को कोविड के टीके की पहली डोज लग चुकी
सरकार ने कहा है कि सिक्किम, दादरा और नागर हवेली तथा हिमाचल प्रदेश में 18 वर्ष से ऊपर आयु के सभी लोगों को कोविड के टीके की पहली डोज लग चुकी है। आज नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में सोलह प्रतिशत वयस्कों को टीके की दोनों डोज, जबकि 54 प्रतिशत वयस्कों को कम से कम एक डोज लग चुकी है। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि पिछले महीने अठारह करोड 38 लाख लोगों को कोविड के टीके लगाए गए।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अगस्त में प्रतिदिन 59 लाख 29 हजार के औसत से टीकाकरण किया गया, जबकि महीने के अंतिम सप्ताह में प्रतिदिन 80 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जून में 279 जिलों में प्रतिदिन कोविड के सौ मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 30 अगस्त के बाद से 42 जिलों में प्रतिदिन सौ से कम मामले सामने आ रहे हैं।
राजेश भूषण ने कहा कि केरल एक ऐसा राज्य है जहां एक लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं, जबकि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में ऐसे मामलों की संख्या 10 हजार से एक लाख तक है। वहीं, अन्य राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों में इनकी संख्या दस हजार से कम है। उन्होंने कहा कि 10 मई को समाप्त हुए सप्ताह से देशभर में साप्ताहिक आधार पर पॉजिटिव मामलों में लगातार गिरावट का रूझान है। लेकिन फिर भी कोविड की दूसरी लहर पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉक्टर वी.के.पॉल ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को घरों में रहकर ही त्यौहार मनाना चाहिए और कोविड से बचाव के नियमों का पूरी तरह से पालन करना चाहिए। उन्होंने लोगों से टीके लगवाने का भी आग्रह किया।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि भीड़-भाड़ से बचना चाहिए। यदि कोई सामूहिक आयोजन में जाना जरूरी हो, तो वहां उन्हीं लोगों को जाने दिया जाना चाहिए, जो टीके लगवा चुके हो। उन्होंने कहा कि टीके की दोनों डोज लेने के बावजूद लोगों को मास्क जरूर पहनना चाहिए। पत्रकारों के एक सवाल पर डॉ. भार्गव ने कहा कि देश में अब तक कोविड के डेल्टा प्लस वेरिएंट के करीब 300 मामलों का पता चला है।