सरकार ने भारतीय जीवन बीमा निगम के प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम-आईपीओ के बारे में सलाह और परामर्श के लिए मर्चेंट बैंकरों तथा विधि सलाहकारों से बोलियां आमंत्रित की हैं। जब कोई कंपनी अपने शेयर पहली बार जनता के लिए जारी करती है तो उसे आईपीओ कहते हैं। निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग-डीआईपीएएम ने बताया है कि भारतीय बाजारों में एलआईसी का आईपीओ काफी बड़ा रहने की उम्मीद है।
निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग-डीआईपीएएम हिस्सेदारी बेचने की सलाह और परामर्श के लिए 10 मर्चेंट बैंकरों तथा एक विधि कंपनी को नियुक्त करेगा। मर्चेंट बैंकरों के लिए बोलियां सौपने की अंतिम तिथि पांच अगस्त और विधि कंपनी के लिए छह अगस्त है।