भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाडी के दक्षिण पूर्व में उठा समुद्री तूफान असानी पिछले कुछ घंटे में 13 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दक्षिण पश्चिम दिशा की ओर बढ गया है। ये तूफान आज सवेरे कार-निकोबार के पश्चिम उत्तर पश्चिम में करीब 480 किलोमीटर की दूरी पर, पोर्टब्लेयर के पश्चिम में 400 किलोमीटर, विशाखापत्तनम से 940 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में और पुरी के दक्षिण दक्षिण पूर्व में करीब एक हजार किलोमीटर की दूरी पर केन्द्रित था। अगले 12 घंटे में यह तेज होकर दक्षिण पश्चिम दिशा में बढ सकता है। तूफान के मंगलवार तक उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढते हुए आध्रप्रदेश और ओडिशा तट की ओर बढने की संभावना है।
इसके असर से ओडिशा के तटवर्ती इलाकों और आंध्रप्रदेश के उत्तर तटीय क्षेत्रों में मंगलवार की शाम से कहीं सामान्य और कहीं कहीं जोरों की बारिश हो सकती है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।