देशभर के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में कोविड प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मॉक ड्रिल आज भी जारी रहेगी। दो दिन की यह कार्रवाई कल शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य कोविड के बढते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में बुनियादी तैयारियां सुनिश्चित करना है। मॉक ड्रिल के दौरान अस्पतालों में दवाओं, आईसीयू बिस्तरों और चिकित्सा कार्यो में उपयोग होने वाले ऑक्सीजन सहित सभी उपलब्ध संसाधनों की व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 मनसुख मांडविया ने कल दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया और कोविड मरीजों के इलाज में अस्पताल की तैयारी की जानकारी ली। डॉ0 मनसुख मांडविया ने राज्यों को कोविड के संबंध में सतर्कता बरतने और सभी तैयारियां पूरी रखने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से लापरवाही से बचने और कोविड अनुरूप आचरण करने की अपील की।
कोविड के मरीजों की बढती संख्या को देखते हुए राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को बुजुर्ग और बीमारियों के जोखिम वाले सभी पात्र लोगों के टीकाकरण में तेजी लाने के लिए भी कहा गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया है कि कोविड के नये स्वरूपों से बचाव और इससे निपटने के लिए जांच, पहचान, इलाज, टीकाकरण और कोविड अनुरूप आचरण की पांच सूत्रीय रणनीति परखी हुई है। इसलिए इसे जारी रखना होगा।