संसद ने वित्त विधेयक 2022 और विनियोग विधेयक 2022 पारित कर दिया है और राज्यसभा ने उन्हें विस्तृत चर्चा के बाद लोकसभा को वापस भेज दिया है। इसके साथ ही संसद ने वर्ष 2022-23 के लिए अपनी बजटीय कार्यवाही पूरी कर ली है।
राज्यसभा में चर्चा का जवाब देते हुए, वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि भारत शीर्ष पांच एफडीआई प्राप्तकर्ता देशों में बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विदेशों के निवेशकों ने इस सरकार की निर्णायक क्षमता पर भरोसा किया है। निर्मला सीतारामन ने कहा कि पिछले वर्ष दिसंबर तक, एनडीए सरकार के 7 वर्ष 9 महीनों में भारत में विदेशी निवेश 500 दशमलव 5 बिलियन डॉलर रहा है। उन्होंने कहा कि यह यूपीए के पूरे दस साल के शासन के दौरान हुए सीधे विदेशी निवेश से लगभग 65 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने कहा कि यह वित्त विधेयक ऐसे समय में पेश किया गया है जब महामारी से उबरने की प्रक्रिया अभी जारी है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में युद्ध की स्थिति का भी प्रभाव भारत पर पड़ा है क्योंकि इससे कई आपूर्ति श्रृंखलाएं बाधित हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने अनुमान के अनुसार निरंतर आर्थिक सुधार जारी रखना चाहती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्देश दिया था कि बजट में उन संसाधनों में कटौती नहीं करनी चाहिए जिनसे आम लोगों पर दबाव बढता हो।
उन्होंने कहा कि बजट में कोई कर नहीं बढ़ाया गया, जबकि कोविड महामारी के बाद प्रत्येक बजट में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे की मजबूती का ध्यान रखा गया है।
चर्चा में हिस्सा लेते हुए शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आम आदमी आज महंगाई के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हर दिन बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने क्रिप्टो करेंसी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जो इस मामले पर कोई कानून लाने से पहले क्रिप्टो करेंसी पर कर लगाता है।
आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने कहा कि देश में महंगाई बढ़ रही है लेकिन सरकार ने मनरेगा के बजट में कटौती की है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी भी बढ़ी है।
भाजपा के अरुण सिंह, के०जे० अल्फोंस और राम कुमार वर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र ने जनता के कल्याण के लिए कई उपाय किए हैं। अरुण सिंह ने कहा कि हाल ही में चार विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सरकार की नीति में लोगों के विश्वास को दर्शाती है। पार्टी के ही स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि इस बजट में भारत को मजबूत बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं।