संसद के दोनों सदनों में कथित पेगासस जासूसी, कृषि कानूनों और अन्‍य मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित हुई

संसद के दोनों सदनों में कथित पेगासस जासूसी, कृषि कानूनों और अन्‍य मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए और राज्‍यसभा की कार्यवाही ढाई बजे तक स्‍थगित कर दी गई। पहले स्‍थगन के बाद लोकसभा की बैठक फिर शुरू होने पर विपक्षी कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके पार्टी के सदस्‍य सदन के बीचोंबीच आ गए और नारेबाजी करने लगे। पीठासीन अधिकारी ने सदस्‍यों से सदन का कामकाज सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया लेकिन शोर शराबा जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई। इससे पहले, सदन की बैठक शुरू होने पर विपक्षी सदस्‍यों ने कथित जासूसी मामले की न्‍यायिक जांच कराने की मांग की।

शिरोमणि अकाली दल के सदस्‍य तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे थे। विपक्षी सदस्‍यों का हंगामा जारी रहने पर लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिडला ने सदन की कार्यवाही स्‍थगित कर दी। ओम बिड़ला ने तोक्‍यो ओलिंपिक 2020 में भाग लेने वाले भारतीय दल के सदस्‍यों को सदन की ओर से शुभकामनाएं दी।

तोक्‍यो ऑलिम्पिक में भाग ले रहे भारत के सभी खिलाडियों का अभिनंदन और खेल के इस महाकुंभ में श्रेष्‍ठ प्रदर्शन तथा स्‍वर्णिम सफलता के लिए उन्‍हें अनंत शुभकामनाएं। आप वहां देश के प्रतिनिधि हैं, इसलिए आप अपने मुकाबले में दृढ़ता से भागीदारी करें, परंतु ऑलिम्पिक की भावनाओं को भी याद रखें। मैं अपनी तथा अपने देश के सभी नागरिकों की ओर से आप सबको ऑलिम्पिक अभियान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

राज्‍यसभा में दूसरे स्‍थगन के बाद साढ़े बारह बजे बैठक शुरू होने पर निलंबित तृणमूल कांग्रेस के सांसद शांतनू सेन ने सदन से बाहर जाने से इंकार किया। उपसभापति हरिवंश ने बार-बार उन्‍हें सदन से बाहर जाने को कहा लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद सदन की कार्यवाही ढाई बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई।

राज्‍यसभा में सभापति ने सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित करने पर अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए सदस्‍यों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने का आग्रह किया।

Related posts

Leave a Comment