संसद का मानसून सत्र आज से शुरू; हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

संसद का मानसून सत्र आज से शुरू; हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो गया है। यह 12 अगस्‍त तक चलेगा। 26 दिन के इस सत्र में 18 बैठकें होंगी। इस दौरान चर्चा और विचार के लिए 32 विधायी कार्य तय किए गए हैं। बढती कीमतों और अन्‍य मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

राज्‍यसभा की कार्यवाही महंगाई और जीएसटी वृद्धि के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। आज सवेरे सदन की बैठक शुरू होते ही सभापति एम. वेंकैया नायडू ने घोषणा की कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सदन का नेता नियुक्त किया गया है। श्री नायडू ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सदन की कार्यवाही 57 प्रतिशत आंशिक रूप से या पूरी तरह से बाधित हुई हालांकि उन्‍होंने सदस्‍यों से सदन की कार्यवाही सुचारू ढंग से चलाने का आग्रह किया। सभापति के संबोधन के दौरान कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्‍य विपक्षी सदस्‍य सदन के बीचोंबीच आ गये और बढती कीमतों और जी एस टी वृद्धि को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। हंगामा जारी रहने पर सभापति ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी। इससे पहले 28 नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। सदन ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, संयुक्त अरब अमीरात के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान और पिछले सत्र के बाद दिवंगत हुए सदन के तीन पूर्व सदस्यों को भी श्रद्धांजलि दी। उनके सम्मान के प्रतीक के रूप में दो मिनट का मौन भी रखा गया।

लोकसभा में आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा अध्‍यक्ष ने दिवंगत पूर्व सदस्‍यों को श्रद्धांजलि दी। सदस्‍यों ने दो मिनट का मौन भी रखा। सदन में संयुक्‍त अरब अमीरात के पूर्व राष्‍ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान, केन्‍या के पूर्व राष्‍ट्रपति मवाई किबक और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिन्‍जो आबे को भी श्रद्धांजलि दी गई। सदन में नवनिर्वाचित तीन सदस्‍यों-रामपुर से घनश्‍याम सिंह लोधी, उत्‍तर प्रदेश के आजमगढ से दिनेश लाल यादव निरहुआ तथा पश्चिम बंगाल के आसनसोल से शत्रुघ्‍न प्रसाद सिन्‍हा को शपथ दिलाई गई।

Related posts

Leave a Comment