संसद का बजट सत्र आज से शुरू, राष्ट्रपति संसद के दोनों सदनों को करेंगी संबोधित

संसद का बजट सत्र आज से शुरू, राष्ट्रपति संसद के दोनों सदनों को करेंगी संबोधित

संसद का बजट सत्र आज से शुरू होगा। केंद्रीय कक्ष में लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत होगी। सत्र के पहले दिन आज दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पटल पर रखा जाएगा। केंद्रीय बजट 2023-24 कल पेश किया जाएगा।

बजट सत्र 6 अप्रैल तक चलेगा। इसमें 66 दिन में 27 बैठकें होंगी। सत्र का पहला भाग 13 फरवरी तक चलेगा। 14 फरवरी से 12 मार्च तक सदन की कार्रवाई नही होगी और इस दौरान विभागों से संबंध संसदीय स्थायी समितियां अनुदान मांगों की समीक्षा करेंगी और अपने मंत्रालयों और विभागों से संबंधित रिपोर्ट तैयार करेंगी। बजट सत्र का दूसरा भाग 13 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगा।

संसद के बजट सत्र से पहले कल संसद भवन परिसर में सर्वदलीय बैठक हुई। सरकार द्वारा बुलाई गई बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल और अन्य ने भाग लिया। सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंद्योपाध्याय, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के एलामारम करीम, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट की प्रियंका चतुर्वेदी, राष्‍ट्रीय जनता दल के मनोज झा, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, भारत राष्ट्र समिति के सांसद के केशव राव और बीजू जनता दल नेता सस्मित पात्रा बैठक में शामिल हुए।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार संसद में किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

Related posts

Leave a Comment