विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रहमण्यम जयशंकर 19वें गुट निेरपेक्ष आन्दोलन सम्मेलन में भाग लेने के लिए युगांडा की राजधानी कम्पाला पहुंच गये हैं। कल से शुरू हो रहे दो दिन के इस सम्मेलन में वे भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। शिखर सम्मेलन से पहले मंत्रिस्तरीय और वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर भी बैठकें होंगी। विदेश राज्य मंत्री डॉक्टर राजकुमार रंजन सिंह गुट निरपेक्ष आन्दोलन के विदेश मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश राज्य मंत्री वी0 मुरलीधरन 21 और 22 जनवरी को कम्पाला में अल्पविकसित और विकासशील देशों के तीसरे जी-77 सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शिखर सम्मेलन के दौरान डॉक्टर जयशंकर युगांडा के नेता तथा गुट निरपेक्ष आन्दोलन के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ भी मुलाकात कर सकते हैं। इस बार सम्मेलन का विषय है – साझा वैश्विक स्मृद्धि के लिए सहयोग सुदृढ करना। इसमें 120 से अधिक विकासशील देश भाग ले रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि भारत सम्मेलन के लिए युगांडा के विषय का समर्थन करता है। मंत्रालय का कहना है कि गुट निरपेक्ष आन्दोलन के एक संस्थापक सदस्य के रूप में भारत उसके मूल्यों और सिद्धान्तों के प्रति वचनबद्ध है।
