विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि न्यूयॉर्क और मुम्बई आतंकी हमले जैसी घटनाएं दोबारा घटित नहीं होने दी जा सकती। कल रात संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को आतंकवाद से खतरा विषय पर उन्होंने कहा कि विश्व को राजनीतिक मतभेदों से उबरकर आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की प्रतिबद्धता दर्शानी होगी। विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद की रोकथाम के लिये जवाबदेही सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। किसी भी देश को आतंकवाद से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास नहीं करना चाहिए। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद से निपटने के एजेंडे को फिर से नई ऊर्जा देने के लिये संयुक्त राष्ट्र सुरक्षापरिषद के माध्यम से हमेशा प्रयास करता रहा है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि सुरक्षा परिषद के भीतर और बाहर दोहरे मानदंड से निपटना भी एक चुनौती है। उन्होंने इस रवैये को खतरनाक बताया।
डॉक्टर एस. जयशंकर ने कहा कि भारत बहुत लंबे समय से आंतकवाद का सामना करता आ रहा है और इसे कतई बर्दाश्त न करने की नीति के साथ बहादुरी से इसका मुकाबला किया है।