विजयादशमी का पर्व आज देशभर में उल्लास से मनाया जा रहा है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण पर भगवान राम की विजय की याद में मनाया जाता है। आज ही नवरात्रि और दुर्गापूजा भी सम्पन्न होती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने विजयादशमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि यह त्योहार भारत की सांस्कृतिक एकता का उदाहरण है। उन्होंने आशा प्रकट की कि इस पर्व से लोगों में नैतिकता, सत्य और अच्छाई के शाश्वत मूल्यों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।
उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई का प्रतीक तो है ही, यह धर्म और धर्म परायणता में लोगों की आस्था को भी सुदृढ करता है। उपराष्ट्रपति धनखड ने कहा कि यह ऐसा अवसर है जो हमें भगवान राम के सत्य, न्याय, करूणा, कर्तव्य और साहस के गुणों के लिए प्रेरित करता है।