बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में लोक आस्था का पर्व छठ आज सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। हमारे संवाददाता ने बताया कि देश-विदेश में रह रहे बिहार के लोग छठ पूजा मनाने के लिए अपने पैतृक स्थानों पर आए हुए हैं।
भक्तिपूर्ण माहौल में श्रद्धालुओं ने आज उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। गंगा, कोसी, गंडक और सोन समेत अन्य नदियों के तटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी समेत मिथिलांचल के कई इलाकों में पारंपरिक लोक गीतों के बीच तालाबों और जलाशयों में खड़े होकर भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की गई। ठेकुआ, मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्रियों के साथ सूर्य देवता को अर्घ्य दिया गया। औरंगाबाद, पटना और नालंदा समेत राज्य के अन्य सूर्य मंदिरों में दूसरे राज्यों से भी लोग छठ महापर्व का अनुष्ठान करने आये। सीमावर्ती इलाकों में नेपाल के श्रद्धालुओं ने विभिन्न नदियों के तटों पर बिहार के श्रद्धालुओं के साथ छठ पर्व मनाया। आस्था के इस महापर्व में धर्म का कोई बंधन नहीं देखा गया। कई मुस्लिम परिवारों ने भी छठ पर्व मनाया।