लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आज पेश

लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आज पेश किया गया है। दोपहर 12 बजे कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने प्रस्ताव पर बहस शुरू की। उन्होंने कहा कि आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन ने मणिपुर के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाया है क्योंकि राज्य न्याय की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं को अत्याचार का सामना करना पड़ता है। श्री गोगोई ने कहा कि उन्होंने कभी भी मणिपुर की तरह दो समुदायों के बीच विभाजन नहीं देखा।

भाजपा के निशिकांत दुबे ने नवगठित गठबंधन आई.एन.डी.आई.ए. की एकता पर सवाल उठाया। उन्होंने अतीत के कई उदाहरणों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान समाजवादी पार्टी, राष्‍ट्रीय जनता दल और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए और कार्रवाई भी हुई है।

तृणमूल कांग्रेस के सौगत रॉय ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने पश्चिम बंगाल में एक प्रतिनिधिमंडल भेजा था, लेकिन मणिपुर में नहीं भेजा। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले ने इस मुद्दे पर मणिपुर के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने मणिपुर में मानवाधिकार उल्लंघन पर चिंता जताई।

बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा ने अविश्वास प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि इसे कांग्रेस पार्टी लेकर आई है और इसका खारिज होना निश्चित है। सदन में विपक्षी दलों के हंगामे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विघटनकारी राजनीति का लाभ न पहले मिला था और न भविष्य में मिलेगा।

Related posts

Leave a Comment