राष्‍ट्र आज 2001 के संसद आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है

राष्‍ट्र आज 2001 में आज ही के दिन आतंकी हमले के दौरान संसद भवन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। शहीदों को पुष्‍पांजलि देने के लिए एक कार्यक्रम संसद भवन परिसर में आयोजित किया जायेगा। संसद सदस्‍य और गणमान्‍य व्‍यक्ति इस अवसर पर श्रदा सुमन अर्पित करेंगे। शहीदों के सम्‍मान में दो मिनट का मौन भी रखा जायेगा।

बीस साल पहले 2001 में आज ही के दिन पांच सशस्त्र आतंकवादियों ने संसद भवन परिसर में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। तीस मिनट तक चले इस आतंकी हमले में लश्कर-ए-तय्यबा और जैश-ए-मोहम्मद के पांच आतंकियों को सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया। संसदीय सुरक्षा सेवा के दो कर्मी जगदीश प्रसाद यादव और मातबर सिंह नेगी; दिल्ली पुलिस के पांच कर्मी – नानकचंद, रामपाल, ओमप्रकाश, विजेन्द्र सिंह और घनश्याम और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला कांस्टेबल कमलेश कुमारी इस आतंकी हमले में शहीद हो गये। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के माली देशराज की भी इस घटना में मृत्यु हो गई। पत्रकार विक्रम बिष्ट जो इस घटना के दौरान घायल हो गये थे, बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। आतंकी हमले के समय संसद भवन में करीबन सौ सांसद मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन सभी सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है, जो 2001 में संसद हमले के दौरान अपने कर्तव्य का पालन करते हुये शहीद हो गये थे। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा हैः “मैं उन सभी सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जो 2001 में संसद हमले के दौरान अपने कर्तव्य का पालन करते हुये शहीद हो गये थे। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा और सर्वोच्च बलिदान हर देशवासी को सदैव प्रेरित करता है।”

गृहमंत्री अमित शाह ने उन सभी बहादुर सुरक्षा कर्मियों के साहस की सराहना की है, जिन्‍होंने भारतीय लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्‍च बलिदान दिया। ट्वीट संदेश में अमित शाह ने कहा कि उनका बेजोड साहस और बलिदान राष्‍ट्र सेवा के लिए लोगों को प्रेरित करता रहेगा।

Related posts

Leave a Comment