राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे पर सुरक्षा में चूक पर चिंता व्यक्त की

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे पर सुरक्षा में चूक पर चिंता व्यक्त की

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और एक दिन पहले पंजाब दौरे के दौरान उनकी (मोदी की) सुरक्षा में हुई चूक की घटना पर चिंता व्यक्त की।

राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति कोविंद के हवाले से ट्वीट में यह जानकारी दी और मुलाकात के चित्र भी साझा किए। राष्ट्रपति भवन के ट्वीट के अनुसार, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और एक दिन पहले पंजाब दौरे के दौरान हुई सुरक्षा चूक की घटना के बारे में जानकारी ली। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति ने (प्रधानमंत्री की) सुरक्षा में चूक को लेकर चिंता व्यक्त की।

President Ram Nath Kovind met Prime Minister Narendra Modi at the Rashtrapati Bhavan today and received from him a first-hand account of the security breach in his convoy in Punjab yesterday. The President expressed his concerns about the serious lapse. pic.twitter.com/lzvAuriuGb

— President of India (@rashtrapatibhvn) January 6, 2022

गौरतलब है कि पंजाब के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बुधवार को उस वक्त चूक की घटना हुई, जब फिरोजपुर में कुछ प्रदर्शनकारियों ने उस सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर दिया जहां से उन्हें गुजरना था। इस वजह से प्रधानमंत्री एक फ्लाईओवर पर करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। घटना के बाद प्रधानमंत्री किसी कार्यक्रम में शामिल हुए बिना दिल्ली लौट आए।

हालांकि, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई और इसके पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी सरकार किसी भी जांच को तैयार है।

आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के फिरोजपुर दौरे को लेकर चूक की समग्र जांच के लिये दो सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का बृहस्पतिवार को गठन किया।

Related posts

Leave a Comment