नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के ‘अमृत उद्यान’ के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुईं। गार्डन आम जनता के लिए 31 जनवरी को खुलेंगे और 26 मार्च 2023 तक खुले रहेंगे।
मुगल गार्डन का नाम बदलकर ‘अमृत उद्यान’ किया गया। राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अजय सिंह ने बताया, “राष्ट्रपति जी ने निर्णय लिया है कि यहां (राष्ट्रपति भवन) जो गार्डन हैं, उनकी पहचान अब अमृत उद्यान के रूप में होगी।”
इस बार यह उद्यान लगभग दो महीने के लिए खुला रहेगा। आम जनता के लिए यह प्रत्येक सोमवार को छोड़कर मंगलवार से 26 मार्च तक खुलेगा। 28 से 31 मार्च तक विशेष श्रेणी के दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा। 28 मार्च को किसान, 29 मार्च को दिव्यांगजन, 30 मार्च को रक्षाबल, अद्धसैनिक बल और पुलिसकर्मी के लिए और 31 मार्च को महिलाओं विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की जनजातीय महिलाओं के लिए खुलेगा। दर्शकों के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक छह स्लॉट रखे गए हैं। लोग rashtrapatisachivalaya.gov.in अपने स्लॉट बुक कर सकते हैं। स्वतंत्रता के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत उत्सव के अंतर्गत राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन के इस उद्यान को अमृत उद्यान का नाम दिया है।