राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज जम्मू कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाडियों में वैष्णो देवी भवन पर 2 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा वैष्णो देवी भवन के निकट वीआईपी हैलीपैड पर उतरे। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ने भवन पर बनाए गए स्काइवॉक और पार्वती भवन का उद्घाटन किया।
स्काइवॉक से श्रद्धालुओं को भवन तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। भवन तक जाने और आने के रूट अलग-अलग होने से किसी तरह की दुर्घटना की संभावना भी नहीं रहेगी। इस स्काइवॉक को बनाने का प्रस्ताव 31 दिसंबर 2021 को हुई एक दुर्घटना के बाद किया गया था। यह स्काइवॉक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।
राष्ट्रपति ने पार्वती भवन का भी उद्घाटन किया। इस भवन में 1 हजार 500 लॉकर हैं। श्रद्धालु लॉकर में अपना सामान रखकर निश्चिंत होकर दर्शन कर सकते हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने वैष्णो देवी भवन जा कर पूजा-अर्चना भी की।
इससे पहले कल उन्होंने कश्मीर विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया और छात्रों को डिग्री तथा पदक प्रदान किये। राष्ट्रपति ने श्रीनगर में सेना की 15वीं कोर के मुख्यालय जाकर युद्धस्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी। वे आज नई दिल्ली लौट आयेंगी।