रामनवमी का पर्व आज देशभर में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान राम का जन्म आज ही के दिन हुआ था। रामनवमी चैत्र मास के नौवें दिन मनाई जाती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी है। एक संदेश में राष्ट्रपति ने कहा भगवान राम की जयंती का यह पर्व नि:स्वार्थ सेवा का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात करने और भारत को एक गौरवशाली राष्ट्र बनाने में स्वयं को समर्पित करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामनवमी के शुभ अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा – मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और दृढ़ संकल्प पर आधारित है और यह हर युग में मानवता की प्रेरणा बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश में भगवान राम के जन्मस्थल अयोध्या में रामनवमी का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन बडी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए भी मंदिरों में पहुंच रहे हैं।
प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव के पर्व रामनवमी के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम की नगरी अयोध्या पहुंच रहे हैं। सरयू नदी के घाट पर भक्तों के स्नान का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया है। नवः परायण और रामचरित मानस का पाठ अनवरत जारी है। यहां दोपहर बारह बजे सभी प्रमुख मंदिरों में भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। राम जन्म भूमि स्थित रामलला विराजमान मंदिर के पट भी कल शाम भव्य आरती के बाद बंद कर दिए गए हैं जो आज दोपहर प्रभु राम के जन्म के साथ खुलेंगे और भव्य तरीके से राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो गोरखनाथ पीठ के महंत भी है कल शाम ही गोरखपुर पहुंच चुके हैं।