यूनेस्को ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर और ओरछा शहरों को ऐतिहासिक शहरी भू-परिदृश्य परियोजना के लिए चुना है। यह परियोजना वर्ष 2011 में शुरू की गई थी, जिसके अंतर्गत ऐतिहासिक शहरों की संस्कृति और धरोहर को संरक्षित रखते हुए उनका समग्र और योजनाबद्ध विकास किया जाता है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्वालियर और ओरछा के लिए यूनेस्को की इस परियोजना की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में अजमेर और वाराणसी समेत दक्षिण एशिया के छह शहर पहले से ही इस परियोजना में शामिल हैं। ओरछा और ग्वालियर को 7वें और 8वें शहर के रूप में शामिल किया गया है। इन शहरों के विकास और प्रबंधन की योजना यूनेस्को तैयार करेगा। इस परियोजना से मप्र में पर्यटन के विकास के साथ रोजगार के अतिरिक्त अवसर भी सृजित होंगे। शहरों को यूनेस्को, भारत सरकार और मध्य प्रदेश संयुक्त रूप से उनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक सुधार पर ध्यान देते हुए विकसित करेगी।