संयुक्त राष्ट्र के शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन- यूनेस्को ने पंजाब के रामबाग गेट और प्राचीरों, हरियाणा के चर्च ऑफ एपिफेनी और दिल्ली के बीकानेर हाउस को शहरी पुनरुद्धार और विरासत संरक्षण श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किए हैं।
रामबाग गेट और प्राचीरों को अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस और चर्च ऑफ एपीफेनी और बीकानेर हाउस को अवार्ड ऑफ मेरिट प्रदान किया गया है। विरासत और सांस्कृतिक महत्व के भवनों के संरक्षण और रखरखाव के प्रयासों के लिये यूनेस्को एशिया पैसिफिक सांस्कृतिक विरासत संरक्षण पुरस्कार प्रदान करता है। निर्णायक मंडल ने इस वर्ष चीन, भारत और नेपाल से कुल 12 परियोजनाओं को इन पुरस्कारों के लिए चयन किया।
तीन परियोजनाओं हांगकांग के फैन लिंग गोल्फ कोर्स, चीन के यांगझोऊ में डोंगगुआन गार्डन रेजीडेंस और भारत के केरल में कुन्नामंगलम भगवती मंदिर स्थित कर्णिकारा मंडपम को ‘अवार्ड ऑफ डिस्टिंक्शन’ प्रदान किया गया है।
