मौसम विभाग ने झारखंड में अगले दो दिनों तक तेज से बहुत तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर झारखंड की ओर बढ़ गया है।
राज्य के कई हिस्सों में कल शाम से व्यापक बारिश हो रही है। पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी और लोहरदगा जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी, साथ ही आंधी आने की भी संभावना है।
