मौसम विभाग ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिन में तेज़ वर्षा की चेतावनी दी है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी।
तमिलनाडु और रायलसीमा में अगले चार दिन और तटवर्ती आंध्र प्रदेश में अगले दो दिन वर्षा तेज़ होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में भी वर्षा होगी। बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई पूर्वी राज्यों में तेज़ बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर राज्यों में भी वर्षा होने का अनुमान है।
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों के ऊपरी इलाकों और केदारनाथ में भी बर्फबारी हुई है। चमोली जिले में हेमकुंट साहिब और उत्तरकाशी में गंगोत्री में भी लगातार बर्फबारी हो रही है। तेज बारिश से अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल में सामान्य जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। देहरादून सहित निचले और मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहे और रुक-रुक कर कल बारिश होती रही। इस बीच, मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 11 अक्टूबर तक विभिन्न स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।