मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर

मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर

मेघायल और नागालैण्‍ड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। दोनों राज्‍यों में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। मेघालय में युनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी – यू डी पी के उम्‍मीदवार एच डोनकूपर राय लिंगदोह के निधन के बाद ईस्‍ट खासी हिल्‍स जिले के सोहियोंग विधानसभा चुनाव के स्‍थगित हो जाने की संभावना है। मेघालय के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बारे में विस्‍तृत रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्‍य में प्रचार अभियान चरम पर है और विभिन्‍न दलों के वरिष्‍ठ नेता चुनाव सभाओं में भाग ले रहे हैं। आज भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में सिर्फ 6 दिन शेष रह गए हैं। सभी दलों के स्टार प्रचारक और वरिष्ठ नेता अपने दलों के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। नोंगपो में एक चुनावी सभा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि इस पर्वतीय राज्य में केवल भाजपा ही सशक्त और स्थाई सरकार दे सकती है। एनपीपी के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री कोनरैड के संगमा ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार यदि सत्ता में आती है तो कल्याणकारी योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू किया जाएगा। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने दक्षिणी तुरा और फुलवारी में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की सभी समस्याओं का निदान केवल तृणमूल कांग्रेस ही कर सकती है। वहीं, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने जयंतिया पर्वतीय क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

Related posts

Leave a Comment