मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ने विदेशों में रह रहे भारतीयों से अपना पंजीकरण प्रवासी मतदाता के रूप में कराने को कहा

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त सुशील चन्‍द्र ने विदेशों में रह रहे भारतीयों से अपना पंजीकरण प्रवासी मतदाता के रूप में कराने को कहा है। उन्‍होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम – ई टी पी बी एस की सुविधा प्रवासी भारतीयों को भी देने पर विचार किया जा रहा है।

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त के नेतृत्‍व में एक दल ने दक्षिण अफ्रीका और मॉरिशयस का दौरा किया। इस दौरान दल ने दक्षिण अफ्रीका और मॉरिशयस के चुनाव आयोग के साथ बैठक करने के अलावा इन दोनों देशों में बडी संख्‍या में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भी बैठक की। जिसमें उन्‍होंने भारतीय समुदाय के सदस्‍यों से प्रवासी मतदाता बनने की अपील की।

सुशील चन्‍द्रा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने लोकतंत्र की यात्रा में काफी लम्‍बा सफर तय किया है और यह देश इस साल अक्‍टूबर में विश्‍व निर्वाचन आयोग संघ की आम सभा की मेजबानी करने जा रहा है।

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ने मॉरिशयस की राजधानी पोर्ट लुई में वहां के चुनाव आयुक्‍त मोहम्‍मद इरफान अब्‍दुल रहमान से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के चुनाव आयोगों के बीच गहरा संबंध है और दोनों आयोग एक दूसरे की चुनाव प्रणाली से भलीभांति परिचित हैं। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ने कहा कि भारत में पिछले कई वर्षों में चुनाव प्रक्रिया में काफी प्रगति हुई है।

Related posts

Leave a Comment