उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहाराया है कि राज्य सरकार लखीमपुर खीरी हिंसा की गहन जांच के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक विशेष जांच दल- एस आई टी का गठन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा घटना की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग भी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नागरिकों से रविवार को हुई इस घटना से संबंधित वीडियो साझा करने की बार-बार अपील की है। इस घटना में आठ लोगों मारे गए थे।
गोरखपुर में आज एक टी वी चैनल कार्यक्रम में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे राजनीतिक लाभ उठाने के लिए लखीमपुर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां जिले में वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। विपक्षी दलों की मंशा पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी के कठिन समय में किसी भी राजनीतिक दल के नेता ने राज्य का दौरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि उस संकटकाल में केवल केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार ने ही लोगों की मदद की।