जम्मू-कश्मीर में कटरा के निकट माता वैष्णो देवी भवन परिसर में आज तडके मची भगदड में 12 लोग मारे गए और 13 घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह के अनुसार भगदड तडके लगभग 2 बजकर 45 मिनट पर हुई।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि भारी भीड़ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद भगदड़ मच गयी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से राहत राशि की घोषणा की गयी है।
घायलों को उपचार के लिए श्रीमाता वैष्णो देवी नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने हेल्पलाइन नम्बर जारी किए हैं, ये नम्बर हैं – 01991-234804 और 01991-234053
अन्य हेल्पलाइन नम्बर हैं :
पुलिस नियंत्रण कक्ष कटरा- 01991-232010 और 9419145182
पुलिस नियंत्रण कक्ष रियासी- 01991-45076 और 9622856295
डी.सी. कार्यालय रियासी नियंत्रण कक्ष- 01991-245763 और 9419839557
प्रधानमंत्री ने माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में कई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में कई लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में कई लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, नित्यानंद राय से बात की और स्थिति का जायजा लिया’।