महाराष्ट्र: मौजूदा सरकार की वैधता को चुनौती पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से सत्य की जीत हुई है – एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि मौजूदा सरकार की वैधता को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय के फैसले से सत्य की जीत हुई है। मुम्बई में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार न केवल जनादेश बल्कि जनता की पसंद के भी अनुरूप है क्योंकि यह शिवसेना संस्थापक बाला साहिब ठाकरे के सिद्धान्तों के अनुसार काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीय ने उच्चतम न्यायालय के फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इसमें यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यथास्थिति बनाये रखना अब संभव नहीं है क्योंकि तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विधानसभा में शक्ति परीक्षण से पहले ही इस्तीफा दे दिया था।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल मार्वेकर ने उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह उचित निर्णय है।

उधर विपक्षी दलों ने नैतिक आधार पर एकनाथ शिंदे के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा है कि न्यायालय ने इस संकट के दौरान राज्यपाल की भूमिका पर सवाल उठाये हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता जयन्त पाटिल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को शिवसेना के 16 विधायकों को अयोग्य ठहराने के बारे में लंबित याचिका पर जल्द फैसला करना चाहिए।

Related posts

Leave a Comment