मध्‍य भारत के साथ पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी अगले दो दिनों तक जारी रहेगी

मध्‍य भारत के साथ पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी अगले दो दिनों तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमोत्तर भारत में आज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आज अलग-अलग स्‍थानों पर ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली, राजस्‍थान, बिहार और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्‍की बारिश होने का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में बुधवार तक हल्‍की से मध्‍यम वर्षा और बर्फबारी जारी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली, उत्तर प्रदेश, राजस्‍थान, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और ओडिशा में कल तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

विभाग ने बताया कि पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी हिस्‍सों में अगले तीन दिनों में न्‍यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। इस बीच सारी रात बारिश के बाद दिल्‍ली में एक और नमी वाली सुबह हुई। दिनभर इसी प्रकार की स्थिति बनी रहेगी। मौसम की ऐसी स्थिति के कारण रेल और हवाई सेवाएं बाधित होने की संभावना है। बारिश के कारण दिल्‍ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है। यहां की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक आज सुबह 6 बजे 2 सौ 17 दर्ज किया गया।

आज सुबह पंजाब के अमृतसर में दृश्‍यता 100 मीटर दर्ज की गई। पश्चिम राजस्‍थान, गंगानगर और जैसलमेर में दृश्‍यता 25 मीटर से 200 मीटर दर्ज की गई।

Related posts

Leave a Comment