मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनावों की मतगणना की सभी तैयारियां पूरी

चार राज्‍यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनावों के लिए होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

मध्‍यप्रदेश में 230 सदस्‍यों की विधानसभा के चुनाव की मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना सवेरे आठ बजे राज्‍य के 52 जिला मुख्‍यालयों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। 230 विधानसभा सीटों के लिए दों सौ 52 महिला उम्मीदवारों सहित कुल दो हजार पांच सौ 33 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राजस्थान में मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट और उसके बाद ईवीएम के माध्यम से मतगणना होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि 199 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 36 केंद्रों पर मतगणना की जाएगी। जयपुर, जोधपुर और नागौर में दो-दो केंद्रों पर और शेष 30 निर्वाचन जिलों में एक-एक केंद्र पर वोटों की गिनती होगी। कुल 4 हजार 245 राउंड में मतों की गिनती का कार्य पूरा होगा।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के 90 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 33 जिला मुख्यालयों में कल सवेरे 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि मतगणना के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की देखरेख में लगभग चार हजार 600 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

तेलंगाना विधान सभा चुनाव के परिणाम कल घोषित किए जाएंगे। मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी और पहले दौर के परिणाम सुबह साढे दस बजे के आस-पास घोषित किए जाने की संभावना है। तेलंगाना में मतगणना 49 केंद्रों पर होगी। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा प्रबंधों के तहत केंद्रीय सशस्त्र बलों की 40 कंपनियां तैनात की गई हैं।

Related posts

Leave a Comment