मध्य प्रदेश के धार में नर्मदा नदी में बस गिरने से 12 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने दुर्घटना पर दुख जताया

मध्य प्रदेश के धार में नर्मदा नदी में बस गिरने से 12 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने दुर्घटना पर दुख जताया

मध्य प्रदेश में आज धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के खलघाट पुल से एक यात्री बस नर्मदा नदी में गिर गई। सूत्रों के अनुसार यह बस करीब 40 यात्रियों को लेकर इंदौर से महाराष्ट्र के पुणे जा रही थी। अब तक 12 यात्रियों के शव निकाले जा चुके हैं। धार के पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि बचाव दल मौके पर पहुंच गया है और राहत तथा बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन को यात्रियों और उनके परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में मरने वाले लोगों के प्रति दुख व्‍यक्‍त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बचाव कार्य जारी हैं और स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

Related posts

Leave a Comment