प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कन्या-पूजन के कारण मंदिर में भीड थी। हवन कार्यक्रम के दौरान कई श्रद्धालु बावड़ी की छत पर बैठे हुए थे। अधिक श्रद्धालुओं के कारण छत ढह गई जिससे श्रद्धालु बावड़ी में गिर गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सा दल तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंचे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल भी राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राहत और बचाव कार्य की निरंतर निगरानी कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति का जायजा लिया। एक टवीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य सरकार ने तत्काल ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री ने प्रभावितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना की।