मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान पूरा हुआ। शाम 5 बजे तक 78.03% मतदान हुआ। इस चरण में 38 सीटों के लिए 15 महिलाओं सहित 173 उम्मीदवार मैदान में हैं। सेकमई, सैकोट और सैकुल की सीटों के लिए सबसे ज्यादा आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। हींगांग, नंबोल और थंगा निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है।
मणिपुर में भी दूसरे चरण के लिए प्रचार जोरो पर है। इस चरण में दस जिलों की 22 सीटों पर 5 मार्च को मतदान होगा। इनमें 11 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित हैं। इस चरण में दो महिलाओं सहित 92 उम्मीदवार मैदान में हैं। वांगखेम सीट के लिए सबसे ज्यादा आठ उम्मीदवार चुनाव लड रहे हैं। वहीं चंदेल और नुंगबा समेत दो निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है।