मणिपुर में सुरक्षाकर्मी सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश कर रहे है। इस घाटी के जिलों से आज भीड की हिंसा की कोई खबर नहीं है। मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह इम्फाल में हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सेना के हेलीकॉप्टर हिंसा प्रभावित जिलों पर उडान के जरिए निगरानी कर रहे है। कुछ चयनित जिलों में आज कुछ घंटों के लिए सार्वजनिक कर्फ्यू में ढील दी गई थी।
फंसे हुए लोगों की निकासी जोरशोर से चल रही है। हिंसा प्रभावित चूराचांदपुर जिले के लगभग पांच हजार लोग जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के राहत शिविरों में आश्रय ले रहे हैं। वहीं भारी सुरक्षा प्रबंध के तहत एक हजार पांच सौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। सुरक्षा बलों ने घाटी के जिलों में फंसे लोगों को निकालकर उनके गंतव्य तक भी छोडा है। इस बीच शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव डॉ.विनीत जोशी आज मणिपुर के नए मुख्य सचिव नियुक्त किए गए हैं। 1992 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ.जोशी, डॉ.राजेश कुमार से प्रभार ग्रहण करेंगे।
वहीं, इम्फाल के पूर्वी जिले में भी कल सुबह 5 बजे से सुबह 8 बजे तक सार्वजनिक कर्फ्यू में ढील दी गई।