भारत में SCO का 23वां शिखर सम्मेलन चार जुलाई को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार एससीओ के सभी सदस्य देशों–चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान को शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। ईरान, बेलारूस और मंगोलिया पर्यवेक्षक देश के रूप में शामिल होंगे। तुर्कमेनिस्तान को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया है।
चीन और पाकिस्तान भी बैठक में शामिल होंगे। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग बीजिंग में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सम्मेलन में भाग लेंगे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के बैठक में शामिल होने की जानकारी दी है।
भारत ने शंघाई सहयोग संगठन के अध्यक्ष के तौर पर स्टार्टअप और नवाचार, पारंपरिक चिकित्सा, डिजिटल समावेशन, युवा सशक्तिकरण और साझा बौद्ध विरासत के क्षेत्र में सहयोग के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। भारत ने कुल 134 बैठकों और कार्यक्रमों की मेजबानी की है, जिनमें 14 मंत्री-स्तरीय बैठकें हैं।