प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नारी शक्ति को मजबूत करने के लिए 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक प्रतिबद्धताओं की सराहना की है। भारत में बालिका शिशु मृत्यु दर में गिरावट दर्ज की गई है और यह बालक शिशु मृत्यु दर के समान स्तर पर आ गई है। हालांकि 16 राज्यों में बालकों की तुलना में बालिकाओं की मृत्यु दर अब भी ऊंची है। लेकिन 2011 के बाद से यह अंतर कम हो गया है। नमूना पंजीकरण प्रणाली सांख्यिकी रिपोर्ट 2020 के अनुसार छत्तीसगढ़ में यह अन्तर सबसे अधिक था। वहां बालक शिशु की मृत्यु दर 35 थी और इसकी तुलना में बालिका शिशु की मृत्यु दर 41 थी।
महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा के समन्वित दृष्टिकोण को अपनाते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की दिशा में किए गए प्रयासों से बालक, बालिका के बीच भेदभाव खत्म किया जा रहा है और सभी मानकों पर इस प्रयास के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। शिशु मृत्यु दर प्रति एक हजार बच्चों पर होने वाली शिशु मृत्यु संख्या को दर्शाती है।