भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अगले पांच वर्षो में द्विपक्षीय व्यापार के एक सौ अरब अमरीकी डॉलर के लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। 14वीं भारत-संयुक्त अरब अमीरात संयुक्त आयोग की 14वीं बैठक में दोनों देशों ने भारत के यूनाईटेड पेमेंट इंटरफेस के माध्यम से किसी भी देश में तत्काल भुगतान प्लेटफार्मो को जोडने की संभावना पर भी चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान ने कल अबूधाबी में की। इस अवसर पर दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी किए गए।
दोनों नेताओं ने विभिन्न बहुपक्षीय मंचों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, विशेष रूप से 2022 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सहयोग पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने फिनटेक, एडुटेक, हेल्थटेक, एग्रीटेक, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में स्टार्ट-अप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि हाल के वर्षों में सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंध मजबूत हुए हैं। दोनों पक्ष अक्षय ऊर्जा, स्टार्ट-अप और फिनटेक के नए क्षेत्रों में भी अपने सहयोग को मजबूत कर रहे हैं। यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। यूएई में रह रहे लगभग 35 लाख भारतीय वहां के आर्थिक विकास में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।