भारत और पाकिस्‍तान ने अपनी हिरासत में मौजूद नागरिकों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया

भारत और पाकिस्‍तान ने आज अपनी-अपनी हिरासत में नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूची का नई दिल्‍ली और इस्‍लामाबाद में राजनयिक माध्‍यम से आदान-प्रदान किया।

यह कार्रवाई 2008 के समझौते के प्रावधानों के तहत की गई है। समझौते के तहत पहली जनवरी और पहली जुलाई को हर साल ऐसे कैदियों की सूची का आदान प्रदान किया जाता है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने अपनी हिरासत में मौजूद पाकिस्‍तान के 271 लोगों और 74 मछुआरों की सूची सौंपी। पाकिस्‍तान ने 51 नागरिकों और 558 मछुआरों की सूची सौंपी।

सरकार ने नागरिकों, लापता भारतीय सैन्‍यकर्मियों और मछुआरों की शीघ्र रिहाई करने और उन्‍हें भारत भेजने का आग्रह किया है। मछुआरों की नौकाएं भी लौटाने को कहा गया है। पाकिस्‍तान से यह भी कहा गया है कि एक भारतीय नागरिक और 295 मछुआरों की रिहाई करने और उन्‍हें भारत भेजने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए जिनकी नागरिकता की पुष्टि हो गई है।

पाकिस्‍तान से ऐसे 194 मछुआरों और 17 अन्‍य नागरिकों तक तुरंत राजनयिक पहुंच उपलब्‍ध कराने को भी कहा गया है जो पाकिस्‍तान की हिरासत में है और यह माना जाता है कि वे भारतीय हैं।

Related posts

Leave a Comment